डिजिटल एडिक्शन से बाहर निकलने का समय, नई पीढ़ी को ‘पॉपकॉर्न मेंटल स्टेटस’ छोड़ना होगा: राज्यपाल रमेन डेका


छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि डिजिटल एडिक्शन आज के समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुका है। इसका असर सिर्फ व्यक्ति पर नहीं, बल्कि परिवार और समाज पर भी पड़ रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी से डिजिटल एडिक्शन और ‘पॉपकॉर्न मेंटल स्टेटस’ से बाहर निकलने की अपील करते हुए कहा कि यह मानसिकता लोगों की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करती है और केवल क्षणिक संतुष्टि देती है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति दृढ़ संकल्प के साथ प्रयास करे, तो 30 दिनों के भीतर डिजिटल एडिक्शन पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखकर खेल-कूद और अन्य बाहरी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने की अपील की।

नवस्नातक डॉक्टरों को दिया सेवा का संदेश

राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने नवस्नातक डॉक्टरों से मरीजों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और अपने सफेद कोट की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया।

‘नेबरहुड डॉक्टर’ की परंपरा फिर से हो मजबूत

रमेन डेका ने कहा कि आज के समय में पारिवारिक या ‘नेबरहुड डॉक्टर’ की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के लिए ‘गोल्डन ऑवर’ बेहद अहम होता है और ऐसे समय में डॉक्टर का त्वरित व सही निर्णय किसी की जान बचा सकता है।

AI और टेलीमेडिसिन से बदलेगा स्वास्थ्य क्षेत्र

राज्यपाल ने कहा कि इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दौर चिकित्सा क्षेत्र में नई संभावनाएं लेकर आया है। टेलीमेडिसिन जैसी तकनीकों के जरिए दूरस्थ इलाकों तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं।

9,194 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां

दीक्षांत समारोह में मेडिकल, डेंटल, आयुर्वेद, होम्योपैथी, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, मेडिकल बायोटेक्नोलॉजी और अन्य संकायों के कुल 9,194 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 7,545 स्नातक, 1,645 स्नातकोत्तर और 5 सुपर स्पेशियलिटी डिग्रीधारी शामिल रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति नई जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने का भी अवसर है। उन्होंने नवस्नातक डॉक्टरों से करुणा, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों के साथ चिकित्सा सेवा देने का आह्वान किया।

100 एकड़ में बनेगी अत्याधुनिक मेडिसिटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि नया रायपुर में 100 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है, जिसमें 5,000 से अधिक बिस्तरों की सुविधा होगी। इसके अलावा रायगढ़ और सरगुजा संभाग में भी नए अस्पताल स्थापित किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेशवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों, ताकि इलाज के लिए उन्हें दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )