लोरमी में ‘मृत’ हितग्राही के नाम पर राशन का खेल : जांच के नाम पर खानापूर्ति, आरोपियों को मोटी रिश्वत लेकर दिया जा रहा संरक्षण
मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पेन्ड्रीतालाब एन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े एक मामले ने सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पिछले करीब दो वर्षों से छह मृत हितग्राहियों के नाम पर राशन का उठाव किया जा रहा है। मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत पेन्ड्रीतालाब एन की शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन दामोदर सोनी द्वारा किया जाता है। ग्रामीणों का दावा है कि बहुरा बाई, उतराकुमार, परदेशी (तनगु राम), परदेशी (कजरू राम), ढेलाबाई और श्यामा सहित छह हितग्राहियों की डेढ़ से दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है, इसके बावजूद उनके नाम पर राशन वितरण दर्ज होने का आरोप है।
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए लागू टैबलेट आधारित सत्यापन प्रणाली के बावजूद यदि मृत व्यक्तियों के नाम पर राशन का वितरण हुआ है, तो इसकी जांच आवश्यक है। हालांकि, इस संबंध में आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तो अन्य अनियमितताएं भी सामने आ सकती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी शिकायत लंबे समय से लंबित है और अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस मामले पर लोरमी के अनुविभागीय अधिकारी आर.आर. सुरेन्द्र ने कहा कि मामले की जानकारी मांगी गई है। यदि जांच में उचित मूल्य दुकान का संचालक दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.


