मनरेगा में लाखों के फर्जीवाड़े का आरोप, ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत

फर्रुखाबाद के विकास खंड कमालगंज की ग्राम पंचायत नसरतपुर नौगवा में मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। गांव निवासी मुतलिब ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर ग्राम प्रधान नूरआलम और ग्राम पंचायत अधिकारी प्रदीप कुमार यादव पर फर्जी विकास कार्य दिखाकर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

शिकायत में दावा किया गया है कि कई विकास कार्य केवल कागजों पर दर्शाए गए, जबकि मौके पर उनका कोई अस्तित्व नहीं है। आरोप है कि फर्जी मस्टररोल और दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न मिट्टी कार्य और चकरोड निर्माण के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के मनरेगा कार्यों में ₹33.54 लाख से अधिक की अनियमितता का भी आरोप लगाया है और इसके समर्थन में संबंधित दस्तावेज संलग्न करने का दावा किया है।

मुतलिब ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शिकायत के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है, लेकिन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )