शादी के ढाई माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति समेत तीन से पूछताछ

उत्तर प्रदेश के तिलहर क्षेत्र के पिपरौली गांव में शादी के महज ढाई माह बाद 24 वर्षीय विवाहिता ऊषा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उनका शव घर के एक कमरे में छत के कुंडे से फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका के पिता राजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी 1 मई को शक्ति सिंह उर्फ गोलू से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर ऊषा को प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे।

परिजनों के अनुसार, ऊषा कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। गुरुवार को ही उसकी विदाई कर ससुराल भेजा गया था, लेकिन अगले ही दिन उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तहसील प्रशासन ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )