NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर सरकार अलर्ट, मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए अहम दिशा-निर्देश

NEET परीक्षा पेपर लीक मामले के बाद सरकार को देशभर में तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। कई राज्यों में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठी। अब 21 जून को होने वाली NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है।
पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने शुक्रवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई।
कैबिनेट सचिव ने निर्देश दिए कि केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी व्यक्ति परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सोमनाथन इससे पहले 1 जून को केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ तथा 4 जून को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ भी तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। इन बैठकों का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, प्रशासनिक समन्वय बढ़ाना और NEET पुनर्परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना है।
केंद्र और राज्य सरकारें संयुक्त रूप से व्यापक तैयारियों में जुटी हैं, ताकि 21 जून को होने वाली NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में आयोजित की जा सके तथा लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा फिर से कायम हो सके।


