लोकभवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय मेडिटेशन शिविर शुरू

राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर लोकभवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 3 जून से 5 जून तक तीन दिवसीय मेडिटेशन (ध्यान) शिविर का आयोजन किया गया है। हार्टफुलनेस संस्था, अमलेश्वर के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता, कार्यक्षमता और तनाव प्रबंधन को बेहतर बनाना है।
शिविर के पहले दिन प्रशिक्षकों ने ध्यान के महत्व और उसके व्यावहारिक लाभों पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित मेडिटेशन से मानसिक शांति, सकारात्मक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और कार्य के प्रति एकाग्रता बढ़ती है, जिससे कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन में मदद मिलती है। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष ध्यान सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि आगामी सत्रों में आत्म-जागरूकता, भावनात्मक संतुलन और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।


