प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

फर्रुखाबाद में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए और उनकी उपेक्षा किए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पेयजल, सिंचाई, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली आपूर्ति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और योजनाओं की वास्तविक प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजने पर भी जोर दिया। बैठक के अंत में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।


